समस्त ब्लॉग/पत्रिका का संकलन यहाँ पढें-

पाठकों ने सतत अपनी टिप्पणियों में यह बात लिखी है कि आपके अनेक पत्रिका/ब्लॉग हैं, इसलिए आपका नया पाठ ढूँढने में कठिनाई होती है. उनकी परेशानी को दृष्टिगत रखते हुए इस लेखक द्वारा अपने समस्त ब्लॉग/पत्रिकाओं का एक निजी संग्रहक बनाया गया है हिंद केसरी पत्रिका. अत: नियमित पाठक चाहें तो इस ब्लॉग संग्रहक का पता नोट कर लें. यहाँ नए पाठ वाला ब्लॉग सबसे ऊपर दिखाई देगा. इसके अलावा समस्त ब्लॉग/पत्रिका यहाँ एक साथ दिखाई देंगी.
दीपक भारतदीप की हिंद केसरी पत्रिका
नजरिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नजरिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

7/08/2007

लेखक की रचना का समाज से सरोकार होना चाहिऐ

(गतांक से आगे )
मैं बचपन से अपने धर्म ग्रंथ पढता आ रहा हूँ, और उनमें मेरी दिलचस्पी सदैव बनी रहती है। इसका कारण यह है कि उनमें विशाल ज्ञान भण्डार है और जिसने उन्हें एक बार पढा उसे और कुछ पढना रास नहीं आएगा, शायद यही कारण है भारत के लोग लेखकों का सम्मान नहीं करते क्योंकि उनके पास आला दर्जे के रचनाकारों की रचनाएं उपलब्ध हैं जिनका नियमित, अध्ययन, श्रवण और मनन करने के अवसर उनके पास आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं। पढे लिखे हैं तो खुद ही पढ़ लेते हैं और नहीं हैं तो भी तमाम तरह के संतजन उन्हें सुनाने के लिए मिल जाते हैं और आजकल तो धार्मिक चैनलों ने घर से बाहर जाने के अवसर भी समाप्त कर दिए हैं।

ऐसे में नये लेखकों के लिए जगह तभी बच पाती है कि जब वह नये संदर्भों को बेहतर ढंग से उपयोग करे। शायद यही कारण है कि कुछ लेखक विदेशी लेखको और रचनाकारों को देश में स्थापित करने का प्रयास करते हैं कि लोग उनसे अपने पुराने ग्रंधों की चर्चा न करें। जॉर्ज बर्नाड शा, शेक्सपियर, कार्ल मार्क्स, लेनिन और चर्चिल के बयां यहां सुनाये जाते हैं जबकि हमारे देश के धर्म ग्रंथों में जीवन की जो सच्चाईयां वर्णित हैं वह ज्यादा प्रमाणिक हैं कम से कम इस देश की भौगोलिक, मौसम और सामाजिक परिवेश को देखते हुए तो यही कहा जा सकता है । मैंने टालस्ताय, चेखोव , जार्ज बर्नाड शा और शेक्सपियर को पढा है और उनकी रचनाएं अच्छी भी हैं पर मैं उन्हें अपने देश के संदर्भ नहीं देख पाता हूँ क्योंकि कितना भी कह लें हमारा भारतीय समाज की हालत और मूल स्वभाव बाहर के देशों से अलग है।

भारत को विश्व का आध्यात्मिक गुरू केवल कहने के लिए नहीं कहा जाता है बल्कि यह एक प्रामाणिक सच्चाई है। हमारे प्राचीन धर्म ग्रंथ और उसके बाद के रचनाकार भी जीवन और प्रकृति के सत्य के निकट लिखते रहे न कि उनमे कोई कल्पना गडी। हिंदी भाषा के स्वर्णिम काल-जिसे भक्ति काल भी कहा जाता-में जो रचनाएं हुईं वह उन्हीं प्राचीनतम रहस्यों को नवीन रुप देतीं है जिन्हें संस्कृत भाषा की क्लिष्टता के कारण लोग भूलते जा रहे थे। इस काल -खण्ड के रचनाकारों ने हमारे प्राचीनतम ज्ञान को नवीन संदर्भों में प्रस्तुत कर देश को एक नयी दिशा दीं, जिस पर देश अभी तक तक चल रहा है - आज तक वह रचनाये लोगों के दिलो-दिमाग में इस तरह छायी हुईं हैं जैसे कि कल ही लिखीं या रची गयी हौं।

सीधा आशय यह है लेखक वही है जो सामाजिक सरोकारों से जुड़कर लिखे। ऐसा करने पर ही लेखक कहला सकता है। लिखने को तो आजकल हर कोई कुछ-न-कुछ लिखता है पर सभी लेखक तो नहीं हो जाते। आजकल देश में शिक्षित लोगों की संख्या प्राचीन समय के मुकाबले ज्यादा है और कागज पर सभी को कहीं न कहीं लिखना ही पड़ता है। लोग अपने रिश्तेदारों को पत्र लिखते हैं , छात्र अपने अध्ययन के लिए नोट्स बनाते हैं और निजी तथा शासकीय कामकाज में अनेक लोगों को पत्र लिखने पड़ते हैं। कुछ लोग तो पत्र लिखने में इतना महारथ हासिल कर लेते हैं कि लोग उनसे ही पत्र लिखवाने के लिए आते हैं पर उन्हें लेखक नहीं कहा जा सकता क्योंकि उनके लेखन का सरोकार निजी आधार हैं न कि सामाजिक।

जो लेखक विचारधारा से प्रभावित होकर लिखते हैं उनकी रचनाएं दायरों में क़ैद होकर रह जाती हैं। वह केवल उन्हीं लोगों को प्रभावित कर सकती हैं जिन्हें उस विचारधारा से सरोकार है। पत्रकारिता के मेरे गुरू ने मुझे पत्रकारों की तीन प्रकार बताये थे और कहा था कि चूंकि तुम लेखक भी हो तो उन्हीं भी इन तीन प्रकारों
में विभक्त कर सकते हो। उन्होने जो तीन प्रकार बताये थे वह इस प्रकार हैं।
  1. खबर फरोश-जो किसी अख़बार में इसीलिये काम करने के लिए आते हैं जिन्हें केवल ख़बरों की दुनिया से जुडे रहना हैं, और उन्हें इससे कोई मतलब नहीं रहता कि अखबार के संगठन का क्या रुप है?
  2. ख़्याल फरोश- ऐसे लोग जो अपने ख़्याल की वजह से किसी अखबार में काम करते हैं जहाँ उन्हें उसके अनुसार करने का अवसर मिलता है।
  3. खाना फरोश- कुछ लोग इसीलिये अखबार में काम करते हैं ताकि उनका रोजगार चलता रहे। उनके अनुसार अब ऐसे ही लोगों की संख्या ज्यादा है।

लेखक में उन्होने खबर फरोश की जगह कलम या लफ्ज़ फरोश रखने को कहा बाकी दो वैसे के वैसे ही बताये। उन्होने बताया था कि पहले वह ख़बर फरोश थे और अब खाना फरोश हो गये हैं। उन्होने मुझे यह साफ बता दिया था कि अखबार में मुझे अधिक समय तक काम नहीं मिल पायेगा और लेखन भी मुझे अपने बूते करना होगा। उन्होने कहा था-"तुम्हारा लिखना बहुत अच्छा है पर बाजार में बिकने लायक नहीं"

उन्होने कहा था कि तुम तो कलम फरोश हो वही रहोगे-साथ ही उन्होने कहा था कि खबर फरोश और कलम फरोश लोगों के पास नये प्रयोग की गुंजाईश हमेशा ज्यादा होती है । वह बहुत अच्छे ढंग से खबर लिखते थे पर अपने को लेखक मानने से इनकार करते थे उनका यही कहना था कि मेरे लिखने का समाज से कोई सरोकार नहीं है जबकि लेखक की रचना का किसी न किसी तरह से समाज से सरोकार होना चाहिऐ। (क्रमश:)

7/07/2007

लेखक को अपने रचनाकर्म से ही प्रतिबद्ध होना चाहिऐ

एक लेखक को अपनी रचनाओं के साथ अपनी भावनाओं को जोड़कर आगे बढ़ना चाहिऐ पर तब का जब तक वह उस पूरा न कर ले- उसके पश्चात उसे वहां से त जाना चाहिए और उसके मूल्याकन का दायित्व पाठकों पर छोड़ देना चाहिए। एक पाठक को भी कभी लेखक से यह सवाल नहीं करना चाहिए कि क्या वह जजबात अभी भी उसके अन्दर हैं जो रचना के समय थे।

मैं जब कोई रचना लिखता हूँ तो पूरी तरह उसमें डूबने का प्रयास ही नहीं करता क्योंकि मुझे लिखना है यह भाव इस कद्र मेरे अन्दर आ जाता है कि मुझे इसके लिए कोई अधिक विचार नहीं करना पड़ता। अपने विचारों के क्रम को बग़ैर देखे आगे जाने देता हूँ जहाँ मैं उसे जुड़ने का प्रयास करता हूँ रचना गड़बड़ा जाती है। लिखने के लिए ही प्रतिबद्धता के चलते ही मुझे कभी कोई ठिकाना नहीं मिला, क्योंकि जब एक लेखक के रुप में अपने लिए कोई समूह या वर्ग ढूँढेंगे तो वह आप पर अपने हिसाब से अपनी शर्तों पर लिखने के लिए दबाव डालेगा- और तब अपना मौलिक चिन्तन और मनन खो बैठेंगे। आधुनिक हिंदी साहित्य में प्रेमचंद, सूर्यकांत त्रिपाठी'निराला', जय शंकर प्रसाद और रामधारी सिंह दिनकर के बात यदि कोई लब्ध प्रतिष्ठत लेखक नहीं हुआ तो उसका कारण यही है कि बाद के काल में लेखक की लेखन से कम उससे होने वाली उपलब्धि पर ज्यादा दृष्टि अधिक रही है। श्रीलाल शुक्ल, हरिशंकर परसाईं, और शरद जोशी जैसे चन्द लेखक ही हैं जो बाद के काल में अपनी छबि बना सके।

लेखक का काम है लिखना! अपनी रचना को साहित्यक ढंग से पाठको के समक्ष प्रस्तुत करना न कि एक समाचार के रुप में प्रस्तुत करना। गरीब की वेदना, अमीर का तनाव और मध्य वर्ग के भावनात्मक संघर्ष पर उसका दृष्टिकोण एक समान रहना चाहिऐ, उसे इस बात से कोई मतलब नहीं रखना चाहिए कि उसके लिखने की किस पर क्या प्रतिक्रिया होगी। उसे केवल इस बात पर ध्यान देना चाहिऐ कि उसका पाठक कोई भी हो सकता है और किसी भी वर्ग का। महिला भी हो सकते है और पुरुष भी , बच्चा भी हो सकता है और बूढा भी , अधिक शिक्षित भी हो सकता है और कब भी। पिछले कई सालों में प्रतिबद्ध लेखन के वजह से लेखकों के कई वर्ग बने जिसने सुरुचिपूर्ण और सार्थक लेखन के प्रवाह को अवरुद्ध किया और पाठक अच्छी रचनाओं को तरस गये और इसी कारण लोग आज भी अच्छी रचनाओं को ढूँढ रहे हैं। प्रतिबद्ध लेखन से कभी भी अच्छी रचनाओं की उम्मीद नहीं की जाना चाहिए। कुछ लोग केवल गरीबी के बारे में लिखकर अपनी छबि चमकते रहे तो कुछ लोग अमीरों के छत्रछाया में विकास के बारे में लिखकर पाने लिए सुविधाये जुटाते रहे, अपनी रचनाओं में जज्बातों को भरने में उनकी नाकामी ने पाठकों को अच्छी रचनाओं से महरूम कर दिया।

प्रसिद्ध लेखक तो बहुत हैं पर उनकी रचनाएँ कितनी प्रसिद्ध हैं यह सभी जानते हैं। लिखा बहुत जा रहा है पर पढने लायक कितना है और कितना सामयिक है और कितना है और कितना दीर्घ प्रभावी यह हम सभी जानते हैं। पत्रकार और लेखक में अन्तर ही नहीं समझते। पत्रकार अपने समाचारों में जबरन जज्बात भरने का प्रयास करते हैं तो लेखक अपनी रचनाओं को समाचार के रुप में प्रस्तुत करते हैं । सभी लोग कहते हैं कि हिंदी में अच्छे लेखकों की कमी है पर यह कोई नहीं कहता कि वास्तव में लेखकों को संरक्षण देने वालों की कमी है। जिनमे उन्हें संरक्षण देने की क्षमता है वह उनका उपयोग एक मुनीम की रुप में करना चाहते हैं। समाचारपत्र-पत्रिकाएँ आजकल पुराने रचनाकारों को छापकर वाह -वाही लूट रहे क्योंकि उन्हें कुछ रकम देना नहीं पड़ती। केवल यही बात नहीं है बल्कि वह यह भी नहीं चाहते कि कोई नया लेखक उनके वजह से प्रतिष्ठित हो जाये, इसीलिये प्रतिष्ठित लोगों को ही लेखक पेश कर रहे हैं। मैं स्वयं अच्छी रचनाओं के लिए तरसता हूँ क्योंकि अगर आप अच्छा लिखना चाहते हैं तो अच्छा पढ़ें भी-ऎसी मेरी मान्यता है । जब मुझे अच्छा पढने को नहीं मिलता तो मैं अपनी ही धर्म ग्रंथों को पढना शुरू कर देता हूँ तो मुझे लगता है कि उनकी विषय सामग्री आज भी सामयिक है। उनमें मुझे एक बात साफ लगती है कि उनके रचनाकार केवल अपनी रचनाओं के लिए ही प्रतिबद्ध थे। (क्रमश:)

6/26/2007

अपनों से बढती दूरी का दर्द

आजकल जिसे देखो अपने लोगों-यानी अपने रिश्तेदारों , परिचितों, मित्रों और परिवार -पर यकीन नहीं करता । हालत यह है जो भाई बहिन साथ-साथ पलते हैं उनको भी एक दुसरे पर विश्वास तभी तक रहता है जब तक एक ही छत के नीचे हैं और घर से बाहर होने या विवाह होने पर सब कुछ बदल जाता है और रिश्ते बस नाम भर के रह जाते है।

हम अपने देश की संस्कृति और संस्कारों पर गर्व करते हैं वह उन्हीं पारिवारिक और सामाजिक संबंधों पर करते हैं जो अब एक तरह से अपना आभा मंडल खो चुके हैं या खोते जा रहे हैं । कोई अपनी तकलीफों को बयान नहीं कर पाता पर अपनों से बदती भावनात्मक दूरी का दर्द सभी को है। जब फोन जैसी सुविधाएं नहीं थी तब लोग बरसों तक एक दुसरे से बातचीत नहीं कर पाते थे तब लोगों में भावनात्मक लगाव और विश्वास अधिक हुआ करता था पर जब संबंध रखने और बातचीत करने के नए और तीव्रतर साधन उपलब्ध हो गये हैं तो लोगों में आपसी लगाव और विश्वास इस क़दर कम हो गया है कि रोज मोबाइल पर बातचीत करने वाले लोग भी एक- दुसरे पर विश्वास करते हैं -ऎसी आशा नहीं की जा सकती। परिवहन के साधन जब धीमे और उबाऊ थे तब लोग एक-दुसरे के पास बड़ी श्रध्दा, प्रेम और मन में उमंगता का भाव लेकर जाते थे और आज जब अति तीव्रगामी साधन उपलब्ध हो गये हैं लोगों का एक-दुसरे का यहाँ जाना मात्र ओपचारिकता भर रह गयी है-शादी विवाह के अवसर पर लोग बहुत उत्साह से शामिल होते थे पर बदलते समय ने इसे एक मजबूरी बना दिया है , आख़िर ऐसा क्या हुआ कि यह सब बदल गया और समाज जो कभी अपने श्रेष्ठता का दंभ भरता था आज एकदम खोखला हो गया - यहाँ हम इस बात को नहीं भूल सकते कि हम भी किसी न किसी के अपने है और जब हम अपनों पर कोई आक्षेप करते हैं तो वह हम स्वयं पर भी कर रहे हैं ।

हम यहां किसी पर आक्षेप नहीं करना चाहते बल्कि ईमानदारी से उन परिस्थतियों का अवलोकन करना चाहते हैं कि अपना आख़िर अपने से दूर क्यों हो गया और अब उसे कैसे पास रख कर विश्वसनीय बनाया जा सकता है ।

जब आधुनिक साधन और व्यवस्था नहीं थी तब व्यक्ति की व्यक्ति पर निर्भरता अधिक थी इसीलिये संपर्क बनाए रखना न एक बाध्यता बल्कि एक सामाजिक जरूरत भी थी । पहले घर में होने वाले कार्यक्रमों के लिए कामकाज के लिए लोगों की जरूरत होती थी और उस समय नाते-रिश्तेदार और आस-पड़ोस के लोग ख़ूब सहयोग करते थे और अब नवीनतम सुख-सुविधाओं और सेवाओं की बाजार में उपलब्धता ने आदमी को आत्मनिर्भर बना दिया और अब वह पैसा खर्च कर अपने काम करा लेता है। शादी के अवसर पर रिश्तेदार पन्द्रह-पन्द्रह दिन पहले पहुंचते थे ताकि काम में सहयोग किया जा सके। लडकी की शादी में रिश्तेदार बारात के स्वागत के लिए जीजान लगा देते थे। अब इस काम के लिए हलवाई बरात के स्वागत का भी ठेका लेने लगे हैं और जिनके पास पैसा है वह होटलों की सेवाएं लेते हैं जहाँ वेटर स्वागत का काम करते हैं।
अब तो शादी ब्याह में यह पता ही नहीं लगता कि लडकी के रिश्तेदार कौन हैं और लड़के के कौन? कुल मिलाकर आदमी का आदमी में स्वार्थ अब कम हो गया है । यहां किसी प्रकार के अध्यात्म की बात करना ठीक नहीं होगी। कुछ लोग कहेंगे कि ऐसे संबंधो का क्या मतलब जिसमें स्वार्थ हौं , तो पहले यह समझना होगा कि दैहिक स्वार्थ ही दो देहों के संबंध मजबूत रखते हैं -और हम इस तथ्य को तर्क की कसौटी पर नही कसेंगे तो किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुँचेंगे और बात अधूरी रह जायेगी ।कुल मिलाकर बात यह कि घरेलू कर्यकर्मों में अपने लोगों की भागेदारी अब नाम मात्र की रह गयी है और इस कारण लोगों में आत्मीयता के भाव में कमी आ गयी है और रिश्ते निभाये नहीं बल्कि घसीटे जा रहे हैं अब भाई में भात्रत्व , मित्र में मैत्री, और सहयोगी में सहकारिता का भाव ढूँढना बेमानी लगता है। कहीं कहीं विपरीत स्थति भी है कि लोग अपनों से ही हानि की आशंका से भी त्रस्त हैं। इस घोर अविश्वास और हानि कि भावना ने आदमी को बौद्धिक रुप से खोखला कर दिया जहां निराशा, मानसिक तनाव और अकेलेपन की भयानक अनुभूति के साथ जीता है ।

हमारा किसी में काम नही पडेगा यह बात जहाँ आत्मविश्वास देती है वहीं हममें किसी का काम नहीं पडेगा यह उसे बुरी तरह तोड़ती भी है । अकेले होने पर इतना भय नहीं होता जितना परिवार और रिश्तेदारों के होते अकेलेपन का होता है ।हम किसी दुसरे व्यक्ति या समाज को सुधारने की बात करें उससे कुछ होने वाला नहीं है बल्कि हमें अपनी मानसिकता सुधारने की बात करना चाहिऐ , भले ही कम छोटा क्यां न हो हमें अपनों से उसके लिए कहना चाहिए क्योंकि हम जरा अपने अन्दर झाँकें कोई हमेंकिसी खास अवसर पर कोई काम कहता है तो हम खुश होते हैं या नहीं। मतलब यह कि दूसरों के स्वार्थ भी सिध्द करो और अपने भी स्वार्थ उसमे जानबूझकर फसाओ ताकि रिश्तो की निरन्तरता बनी रहे ।

कविवर रहीम कहते हैं -

"आवत काज रहीम काहिन् , गाढ़े बंधू सनहे
जीर होत न पेड ज्यों, थमे बरेह

विपत्ति के समय अपने घनिष्ठ बंधुओं का स्नेह काम आता है । जैसे पेड सा पराने होने पर उसकी लकड़ी के गट्ठे की मोटी रस्सी पेड को थाम लेती है और पेड की डालियों से निकलने वाली शाखाएं जमीन में जा बड़ा पकड लेती हैं।हमें अपनों में अपना स्नेह और प्रेम बनाए रखना चाहिए क्योंकि इससे हमारा ही आत्मविश्वास बढता है । वह लोग क्या सोचते और करते हैं यह उनका काम है।

कविवर रहीम यह भी कहते हैं कि

"दुर्दिन परे रही कहिन्न , भूलत: सब पहिचानी
सोच नही वित हानि को, जो न होय हित हानि"
जीवन में बुरे दिन आने पर सब लोग भी पहचानना भी भूल जाते हैं। ऐसे समय में यदि अपने मित्र तथा सगे संबंधी न भुलाएँ तो धन की हानि का विचार मन को इतनी पीडा नहीं पहुँचाता।

रहीम ने आज से कई बरस पहले भी ऎसी हालतों का सामना किया तभी अपने लोगों की उपेक्षा का भाव झेलने का दर्द वह व्यक्त कर पाए। अपने लोगों की सहायता के लिए हमें हमेशा तैयार रहना चाहिए पर उनसे कोई आशा नहीं करना चाहिऐ तभी स्वयं बेचारगी के भाव से मुक्त हो पायेंगे जो अपनों से दूर होने केकारण हमारे अन्दर उत्पन्न होता है।

5/25/2007

मय का मायाजाल

NARAD:Hindi Blog Aggregator
जब पीते थे तो कोई
बुलाता नहीं था
मांगते थे तो कोई
पिलाता नहीं था
जब छोड़ दीं तो
सब बुलाते हैं
जैसे मयखाना खोल लिया हो
बोतल खोल देते हैं
जैसे अमृत घोल दिया हो
वाह री मय तेरी माया
आज हम आगे तू पीछे
कभी आगे तू और मैं पीछे था
----------------------
कुछ पल का नशा
फिर ढ़ेर सारी हताशा
मय अगर अमृत जैसी होती
तो सारा जहां नशे में डूबा होता
ऊपर वाला कितना भी ताकत दिखाता
पर उसका जोर नहीं होता
जब मय नहीं है अमृत जैसी
तब यह हाल है कि
जो पीता है
उस पर चढ़ कर
इतना ऊपर उठा देती है
ऊपर वाला भुला देती है
अगर अमृत होती तो वह
खुद ऊपर वाला होता
------------------

लोकप्रिय पत्रिकायें

हिंदी मित्र पत्रिका

यह ब्लाग/पत्रिका हिंदी मित्र पत्रिका अनेक ब्लाग का संकलक/संग्रहक है। जिन पाठकों को एक साथ अनेक विषयों पर पढ़ने की इच्छा है, वह यहां क्लिक करें। इसके अलावा जिन मित्रों को अपने ब्लाग यहां दिखाने हैं वह अपने ब्लाग यहां जोड़ सकते हैं। लेखक संपादक दीपक भारतदीप, ग्वालियर