समस्त ब्लॉग/पत्रिका का संकलन यहाँ पढें-

पाठकों ने सतत अपनी टिप्पणियों में यह बात लिखी है कि आपके अनेक पत्रिका/ब्लॉग हैं, इसलिए आपका नया पाठ ढूँढने में कठिनाई होती है. उनकी परेशानी को दृष्टिगत रखते हुए इस लेखक द्वारा अपने समस्त ब्लॉग/पत्रिकाओं का एक निजी संग्रहक बनाया गया है हिंद केसरी पत्रिका. अत: नियमित पाठक चाहें तो इस ब्लॉग संग्रहक का पता नोट कर लें. यहाँ नए पाठ वाला ब्लॉग सबसे ऊपर दिखाई देगा. इसके अलावा समस्त ब्लॉग/पत्रिका यहाँ एक साथ दिखाई देंगी.
दीपक भारतदीप की हिंद केसरी पत्रिका

5/30/2010

नतीजा यह कि कोई सुखी नहीं-हास्य व्यंग्य (natija yah ki koyee sukhi nahin-hasya vyanaya)

पश्चिमी वैज्ञानिकों ने एक शोध किया है जिसके अनुसार लोग अपने दुःख से कम दूसरे के सुख से अधिक तनाव ग्रस्त रहते हैं। 24 देशों के 19 हजार लोगों पर यह शोध किया गया है। इससे पता चलता है कि लोग अपने वेतन कम होने से नहीं बल्कि दूसरे की ज्यादा है इससे ज्यादा परेशान हैं। अब यह पता नहीं कि इसमें अपना देश शामिल है कि नहीं पर इतना संतोष है कि 23 दूसरे देश भी इसमें शामिल हैं जहां अपनी तरह के लोग रहते हैं। अगर अकेले अपने देश की बात होती तो कितना तनाव बढ़ता यह समझ ही सकते हैं।
आश्चर्य इस बात का है कि पश्चिमी विज्ञान तथा शिक्षा संस्थाओं को हर चीज के लिये अनुसंधान की आवश्यकता होती है। वह आज जिस विषय पर शोध कर अपना निष्कर्ष प्रस्तुत कर रहे हैं उस पर हमारे देश की राय बहुत पुरानी है। यही कारण है कि हमारे देश के अध्यात्मिक महापुरुष हमेशा ही ईर्ष्या और द्वेष से दूर रहने की बात करते हैं-यह अलग बात है कि लोग सुनते खूब हैं पर उस पर अमल नहीं करते।
अपने यहां तो इस संबंध में अनेक कथायें हैं। एक भक्त की भक्ति पर सर्वशक्तिमान प्रसन्न हो गये और उससे वरदान मांगने को कहा। उसने कहा कि ‘भगवान मेरे पड़ौस में सभी बड़े लोग रहते हैं एक में ही तुच्छ आदमी यहां फंसा हूं। अतः ऐसा कुछ करिये कि मैं भी सभ्रांत वर्ग में आ जाऊं।’
सर्वशक्तिमान ने कहा‘तथास्तु! मगर पड़ौस की समस्या तो भाग्य से आई है उसे मैं बदल नहीं सकता। अलबत्ता तुम्हारा कल्याण करने का मेरा दायित्व है। इसलिये तुम्हारे पास ढेर सारा धन आयेगा। तुम जैसी चाहत करोगे वैसा होगा पर पड़ौसी के पास उससे दुगुना जायेगा। इसे मैं बदल नहीं सकता।’
सर्वशक्तिमान ने वरदान दिया और गायब हो गये।
उस भक्त ने कहा-‘मुझे अपनी पत्नी के लिये दो कंगन चाहिए।’
तत्कला कंगन वहां प्रकट हो गये, मगर पड़ौसन के घर चार गये।
भक्त ने कहा-‘मुझे एक कार चाहिये।
कार आ गयी वह वातनुकूलित पर पड़ौसी के पास दो पहुंच गयी।
भक्त अपनी उपलब्धि में यह भूल गया कि पड़ौसी उसकी तपस्या का बिना किसी मेहनत के दोगुना लाभ उठा रहा है।
इधर पत्नी कंगन लेकर पड़ौसन के पास पहुंची और इतराती हुई बोली-‘‘हमारे वो दो कंगन लाये हैं। साथ में एक जोरदार वातानुकूलित कार भी खरीदी है।’
पड़ौसन बोली-उंह! मेरे पति चार कंगन ले आये हैं और दो कार खरीदी हैं। हमारे से तो तुुम्हारी तुलना न कल थी और न आज है।’
भक्त की पत्नी तो जैसे जमीन पर आकर गिरी। घर आकर पति से लड़ते हुए बोली-‘चाहे कुछ भी हो जाये। हम फकीर हो जायें पर पड़ौसी अधिक अमीर नहीं बनना चाहिये।’
भक्त सहम गया उसने पहले तो अपने कंगन और कार गायबी की जिससे पड़ौसी को दुगुनी हानि हुई। अब उसने कहा कि-‘मेरी एक आंख फूट जाये, एक हाथ निकल जाये।’
पड़ौसी की दोनों आंखें चली गयी और हाथ भी। ऐसा प्राकृतिक संकट देखकर सर्वशक्तिमान प्रकट हुए और भक्त से बोल -‘यार, भ्रमित होकर तुम्हें वरदान दे गया था सो वापस ले रहा हूं। इस तरह की खुराफात करना हमारे धर्म के विरुद्ध है। ये ले अपनी एक आंख और एक हाथ ताकि पड़ौसी संकट से मुक्त हो जाये।’
भक्त को गुस्सा आया और वह बोला-‘यह क्या? आंख और हाथ मेरे हैं अगर में उनको त्याग रहा हूं तो उससे आपका क्या मतलब?’’
सर्वशक्तिमान बोले-‘यह महान त्याग है, पर मेरे पास दूसरा वरदान देने का अधिकार नहीं है क्योंकि घर से निकलते हुए पत्नी ने मुझे चेता दिया था कि अगर अब ऐसा हुआ तो घर में घुसने नहीं दूंगी।’
पुरानी कहानी है जिसे हास्य रूप में प्रस्तुत किया गया है। पश्चिम वैज्ञानिक अगर भारतीय अध्यात्म दर्शन तथा पंचतंत्र में से कहानियां उठाकर देखें तो उनको अनेक प्रकार के प्रयोग करने के लिये पैसा खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मगर उनसे क्या कहें देश के बुद्धिजीवियों के ही बुरे हाल हैं सभी विदेशियों के प्रशंसक हैं। अपने अध्यात्म ज्ञान में तो उनको पोंगापंथी दिखाई देती है। अब देखना इसी पश्चिमी निष्कर्ष पर बुद्धिजीवी समाज बहस करता दिखेगा। जहां तक हम जैसे आम लोगों का सवाल है ऐसे अनेक निष्कर्षों से अपने महापुरुषों की कृपा से पहले से ही अवगत है। यही कारण है कि दूसरे के सुख को देखकर मुंह फेर लेते हैं कि कहीं अपने दुःख न याद आने लगें। वह सुख उससे छोड़ दे इसकी तो कामना भी नहीं करते। इस बात को अच्छी तरह जानते हैं कि इससे केवल अपना खून जलता है। इस सच को भी जानते हैं कि भारत में गरीबी, बेकारी और भ्रष्टाचार चाहे कितना भी है पर लोग दुःखी इस बात से अधिक हैं कि उनके आसपास के लोग सुखी हैं। नतीजा यह है कि कोई सुखी नहीं है।
-----------
हिन्दी साहित्य,समाज,मनोरंजन,हिन्दी कहानी,मस्ती,मस्तराम,hindi sahitya,masti,hindy hasya vyangya

कवि,लेखक संपादक-दीपक भारतदीप,Gwalior
http://dpkraj.blogspot.com

यह आलेख इस ब्लाग ‘दीपक भारतदीप का चिंतन’पर मूल रूप से लिखा गया है। इसके अन्य कहीं भी प्रकाशन की अनुमति नहीं है।
अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द पत्रिका
2.अनंत शब्दयोग
3.दीपक भारतदीप की शब्दयोग-पत्रिका
4.दीपक भारतदीप की शब्दज्ञान पत्रिका

5/25/2010

सहज तथा असहज योग-हिन्दी लेख(sahaj yog aur asahaj yog-hindi lekh)

धार्मिक विषयों पर अच्छी या बुरी चर्चायें अब इस लेखक पर प्रभाव नहीं डालती। इसका कारण यह है कि हमें लगता है कि श्रीगीता से पृथक होकर कोई भी ज्ञान चर्चा पूर्णता की तरफ जा ही नहीं सकती। दूसरा यह कि लोग श्रीमद्भागवतगीता को पढ़े बिना ही समझते हैं-मतलब यह है कि किसी के मुखार बिंद से सुन लिया और वही सत्य मान लिया। जबकि वास्तविकता यह है जैसे जैसे यह लेखक श्रीमद्भागवत गीता का अध्ययन कर रहा है उससे लगता है कि केवल भाषा के शब्द तथा व्याकरण का ही ज्ञान होना पर्याप्त नहीं बल्कि अपने अंदर यह संकल्प होना भी आवश्यक है कि यह पुस्तक एकमेव ज्ञान विज्ञान की पुस्तक है जिससे भक्ति और जिज्ञासा से पढ़कर ही ज्ञान प्राप्त किया जा सकता है।
अनेक लोगों ने श्रीगीता का अध्ययन इस उददृेश्य से किया है कि उसे पढ़कर अपना ज्ञान दूसरे लोगों को बेच सकें और समाज भी उन्हें एक संत मान लेता है जबकि सच यह है कि वह स्वयं ही नहीं जानते कि उस स्वर्णिक ज्ञान का मोल क्या है?
कहते हैं कि कोई भी आदमी अपने परिवार के किसी भी सदस्य को श्रीगीता पढ़ने का उपदेश नहीं   देता कि कहीं वह वैरागी न हो जाये। सच यही है कि आदमी उससे वैरागी होता है पर कर्म से पलायन नहीं करता। अलबत्ता जैसे जैसे ज्ञान चक्षु खुलते जाते हैं वह अकेला होता चला जाता है। इसलिये कहीं बड़ी सभा या बैठक में वह दूसरों की आदर्शवादी बातों से प्रभावित नहीं होता क्योंकि बहुत जल्दी उसे वहां पाखंड की अनुभूति हो जाती है।
इस समय देश में धर्म, जाति, वर्ण तथा अर्थ के आधार पर अनेक समूहों के बीच संघर्ष चल रहे हैं। उस पर बहसें केवल हास्यास्पद और समय बिताने का मार्ग ही लगती हैं यही कारण है कि संगठित प्रचार माध्यम उसे भुना रहे हैं। कभी कभी तो लगता है कि समाज के मानसिक तथा वैचारिक अंतद्वंद्व प्रचार माध्यमो में बिकने वाले विषय बन गये हैं।
एक मजे की बात यह है कि हिन्दू धर्म की रक्षा के नाम पर जितना नाटक इस देश में चलता रहा है उसके लिये लोगों का अज्ञान ही जिम्मेदार है। श्रीमद्भागवत गीता को लेकर एक बात आश्चर्य में डालती है कि वह कौन महान विभूतियां रही होंगी जिन्होंने महाभारत ग्रंथ से श्रीगीता को अलग कर प्रस्तुत करने का प्रयास किया। उनके इस प्रयास ने न केवल भारतीय अध्यात्मिक दर्शन को एक महान स्त्रोत प्रदान किया वरन् उसे विश्व में एकमेव ज्ञान विज्ञान का ग्रंथ बना दिया। अगर यह महाभारत से पृथक नहीं किया जाता तो शायद इसकी मान्यता इतनी नहीं रह जाती।
भारतीय धर्म के आलोचकों की बात सुनकर अनेक बुद्धिजीवी उत्तेजित होकर अपनी आस्था पर प्रहार के विरुद्ध झंडा तो उठा लेते हैं पर श्रीगीता के ज्ञान के अभाव में कोई तर्क उनको नहीं सूझता। शायद वह नहीं जानते कि इस संसार में मनुष्य मन के-आदमी चलता है अपने मन की गति और चाल से ही है, यह सभी जानते हैं- चलने के दो ही मार्ग है। एक तो श्रीमद्भागवत गीता में वर्णित सहज योज दूसरा है उससे पृथक असहज योग। आशय यह है कि योग तो हर इंसान करता ही है पर ज्ञान सहज योग तो अज्ञानी असहज योग में तत्पर होते हैं। जहां असंतोष, हिंसा, लालच, ईर्ष्या, लोभ तथा भेदभाव की प्रवृत्ति है वहां असहजता का भाव तनाव का अंधेरा फैलाता है और जहां संतोष, प्रेंम तथा समदर्शिता का भाव है वहां आनंद की रौशनी फैलती है। तय बात है कि इस संसार में अंधेरा पसंद लोगों की संख्या ज्यादा है जो उधार की रौशनी चाहते हैं जबकि ज्ञानी कम ही है जो अपने ज्ञान के प्रकाश में ही आनंद की अनुभूति करते हैं। दूसरी बात यह कि गुण ही गुणों को बरतते हैं यह वैज्ञानिक सूत्र है जिसके प्रतिकुल संसार की गतिविधियां तो हो ही नहीं सकती। रसायनों के अधिक प्रयोग से खान पान तथा रहन सहन में विषैले तत्वों का समावेश हो रहा है ऐसे में यह संभव नहीं है कि अमृत ज्ञान की चाहत सभी में हो। कहीं कहीं तो ऐसा भी होता है कि ज्ञान की बात करें तो पागल समझ लिये जाते हैं। शायद यही कारण है कि भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीगीता का ज्ञान केवल अपने भक्तों में ही करने का उपदेश दिया है। इसलिये भारतीय धर्म के आलोचकों को निरुतर करने के लिये श्रीगीता के संदेश का उपयोग  करना भी कुछ विद्वानों को अच्छा नहीं लगता। बहरहाल यह अंतिम सत्य है कि विज्ञान तथा ज्ञान की एकमेव पुस्तक श्रीगीता का अध्ययन अपने आप में बहुत दिलचस्प तथा ज्ञान वर्द्धक है।
-----------
कवि,लेखक संपादक-दीपक भारतदीप,Gwalior
http://dpkraj.blogspot.com

यह आलेख इस ब्लाग ‘दीपक भारतदीप का चिंतन’पर मूल रूप से लिखा गया है। इसके अन्य कहीं भी प्रकाशन की अनुमति नहीं है।
अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द पत्रिका
2.अनंत शब्दयोग
3.दीपक भारतदीप की शब्दयोग-पत्रिका
4.दीपक भारतदीप की शब्दज्ञान पत्रिका

5/20/2010

सर्वशक्तिमान के प्रतिनिधि-हिन्दी शायरी (brokar of religion-hindi satire peom)

भगवा, हरा, सफेद और नीले रंग के
तयशुदा परिधानों के धारण करने वाले
सर्वशक्तिमान के प्रतिनिधि कहलाने वाले
दलालों को अगर पहचाना नहीं,
समझो धर्म नहीं निभाया
ज्ञान कभी नहीं ।
रास्ते पर बेचने वाली शय नहीं है ज्ञान,
किताबें बेचने वाले कभी नहीं कहलाये महान,
उसके शब्द रटकर सुनाने वाले
फिर क्यों करते हैं अभिमान,
उनको खुद भी समझ आया नहीं।
मत मानो उनको देवता
सर्वशक्तिमान सभी का सगा है
किसी के लिये पराया नहीं।

----------------------
कवि,लेखक संपादक-दीपक भारतदीप,Gwalior
http://dpkraj.blogspot.com

यह आलेख इस ब्लाग ‘दीपक भारतदीप का चिंतन’पर मूल रूप से लिखा गया है। इसके अन्य कहीं भी प्रकाशन की अनुमति नहीं है।
अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द पत्रिका
2.अनंत शब्दयोग
3.दीपक भारतदीप की शब्दयोग-पत्रिका
4.दीपक भारतदीप की शब्दज्ञान पत्रिका

5/14/2010

दिल्लगी-हिन्दी शायरी (dillagi-hindi shayari)

दिल लगाने के ठिकाने
अब नहीं ढूंढते
क्योंकि दिल्लगी बाज़ार की शय बन गयी है,
मोहब्बत का पाखंड अब
खुश नहीं कर पाता
क्योंकि जहां बहता है जज़्बातों का दरिया
वह मतलब की बर्फ जम गयी है।
---------
आसमान के उड़ने की चाहत में
इतनी ऊंची छलांग मत लगाओ
कि जमीन पर गिरने पर
शरीर को इतने घाव लग जायें
जिन्हें भर न पाओ।
दूर जाना अपने मकसद के लिये उतना ही
कि साबित अपने ठिकाने पर लौट आओ।
---------

कवि,लेखक संपादक-दीपक भारतदीप,Gwalior
http://dpkraj.blogspot.com

यह आलेख इस ब्लाग ‘दीपक भारतदीप का चिंतन’पर मूल रूप से लिखा गया है। इसके अन्य कहीं भी प्रकाशन की अनुमति नहीं है।
अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द पत्रिका
2.अनंत शब्दयोग
3.दीपक भारतदीप की शब्दयोग-पत्रिका
4.दीपक भारतदीप की शब्दज्ञान पत्रिका

5/11/2010

ख्यालों के जुए में-हिन्दी शायरी (khyal ek juaa hai-hindi shayari)

मस्ती के कुछ पल
जीने की खातिर
जिंदगी दांव पर मत लगाना,
जाना उतना ही दूर
जहां से संभव हो घर लौट आना।

जिंदगी के मायने सभी नहीं जानते,
कायदों को बंधन की तरह मानते,
जज़्बात तो हवा के झौंके हैं
कभी हंसी तो कभी गम के,
ढेर सारे आते मौके हैं,
छोटे पल के लिये
पूरी जिंदगी उनमें न बहाना।

ललचाते हैं शयें बेचने वाले,
पुचकारते हैं, खून खींचने वाले,
सुनना सभी की बात,
विचार करना दिन और रात,
अपना दिल सस्ते में दाव पर न लगाना।
जिंदगी एक समंदर है,
विष और अमृत समाया इसके अंदर है,
मंथन के लिये अक्ल का होना जरूरी है,
जिंदा रहना भी एक मजबूरी है,
मोहब्बत के वायदे सस्ते होते हैं,
बाद में उनको महंगी जिंदगी में ढोते हैं,
इसलिये जब तक तय न कर लो
अपने मकसद और इरादे,
ख्यालों के जुए में अपने हाथ न आजमाना।

---------
कवि,लेखक संपादक-दीपक भारतदीप,Gwalior
http://dpkraj.blogspot.com

यह आलेख इस ब्लाग ‘दीपक भारतदीप का चिंतन’पर मूल रूप से लिखा गया है। इसके अन्य कहीं भी प्रकाशन की अनुमति नहीं है।
अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द पत्रिका
2.अनंत शब्दयोग
3.दीपक भारतदीप की शब्दयोग-पत्रिका
4.दीपक भारतदीप की शब्दज्ञान पत्रिका

5/08/2010

फिर गिर सकती है क्रिकेट की लोकप्रियता-हिन्दी आलेख (t-twenty world cricket cup-hindi article)

तय किया था कि हम बीस ओवरीय विश्व कप प्रतियोगिता में भारत आस्ट्रेलिया का मैच देखेंगे, मगर नहीं देख पाये। क्रिकेट दर्शन से हमने तौबा कर ली थी पर कहते हैं कि न आदमी अपनी आदत से बाज़ नहीं आता। क्रिकेट मैच चला देते हैं और इधर इंटरनेट पर भी बैठ जाते हैं-अपने आपको तसल्ली देते हैं कि हम क्रिकेट मैच नहीं देख रहे। अलबत्ता यह तय बात है कि अब देखते भी हैं तो देशों के बीच के मैच देखते हैं-यह क्लब स्तरीय प्रतियोगिताऐं हमारी नज़र में दोयम दर्जे की है। एक तरह से सस्ते बज़ट की फिल्मों की तरह-प्रमाण यह है कि सुनने में आया है कि अब इन पर वैसे ही मनोरंजन कर लगाने की तैयारी हो रही हैं जैसा फिल्मों पर लगता है।
बहुत समय बाद किसी मैच को देखने का ख्याल आया पर बिज़ली ने वह भी छीन लिया। पूरे आठ घंटे कालोनी की बिजली गायब रहीं-इसमें बीस ओवर क्या पचास ओवर का मैच भी निपट जाता है। हमने भी भुला दिया और रात को कालोनी के पार्क में घूमने चले गये। मगर कहते हैं न कि सब कुछ आपके हिसाब से नहंी चलता। क्रिकेट मैच हमने देखना छोड़ा और जब देखने का विचार किया तो वह दिखाई नहीं दिया। फिर उसका ख्याल छोड़ा तो फिर वह भी लौट कर आया। हमारे जैसे परेशान चार पांच युवक उस पार्क में भी आये। उनमें से एक मोबाईल पर स्कोर किसी से पूछ रहा था-‘ मैच का क्या चल रहा है।’
वहां से जवाब आया तो वह अपने साथियों को बता रहा था‘सोलह ओवर में 160 रन!
हमने सोचा कि शायद बीसीसीआई की टीम का होगा। खुश हुए, चलो आज जीत तो दूसरे मैच में भी मजा आयेगा। तब देखेंगें।
इसी बीच दूसरा बोल पड़ा-‘लगता है कहीं आज तो इंडिया की टीम हार न जाये।’
उसने भारत शब्द उपयोग नहीं किया यह सुनकर अच्छा लगा क्योंकि तब यह सदमे जैसा लगता।
मतलब यह स्कोर आस्ट्रेलिया का था। हमारा मन फक हो गया। फिर पार्क के चक्कर काटने लगे।
घर आये तब भी अंधेरा था। न कंप्यूटर खोल सकते थे और न ही टीवी देख सकते थे। ऐसे में अपना ट्रांजिस्टर निकाला और उस पर दिल्ली दूरदर्शन का स्टेशन लगाया। बीसीसीआई का स्कोर था चार विकेट पर 24 रन! फिर शायद पांचवें खिलाड़ी के आउट होने की आवाज सुनाई दी। बीसीसीआई की टीम हार की तरफ बढ़ रही थी ट्रांजिस्टर बंद कर दिया। बाद में एक दो बार खोला तो उद्घोषकों की चर्चा में बीसीसीआई के बुरे प्रदर्शन की बात सुनाई दी।
बीसीसीआई की टीम हारी। सच बात तो यह है कि इस टीम के अगले दौर में पहुंचने की संभावनायें अब बहुत कम है। दो साल पहले बीसीसीआई की टीम ने बीस ओवरीय प्रतियोगता का विश्व कप जीता था तब भारत में क्रिकेट की लोकप्रियता लगभग खत्म होने के कगार पर थी पर उसे जीवनदान मिल गया जिससे क्लब स्तरीय प्रतियोगिताओं का जन्म हुआ और वह कमाई का धंधा बना। भारत देश इस क्रिकेट का कितना बड़ा सहारा है यह इनाम वितरण के समय दिखने वाले कंपनियों के बोर्ड देखकर समझा जा सकता है जिनमें से अधिकतर भारत के व्यापार जगत में सक्रिय हैं। अनेक लोग क्लब स्तरीय प्रतियोगता के आयोजन पर होने वाली धाधलियों से बहुत नाराज हैं पर देश की नयी पीढ़ी का इससे जुड़ाव जिस ढंग से हुआ है वह आश्चर्यजनक है। इसके बावजूद यह सच है कि यह देश विजय को सलाम करता है। अगर इस विश्व कप में बीसीसीआई की टीम हारती है तो एक बार फिर क्रिकेट की लोकप्रियता गिर सकती है।
कुछ लोग बीसीसीआई की टीम को समग्र भारत का प्रतिनिधि नहंी मानते। इसका कारण यह है कि उस पर कुछ खास क्षेत्रों के लोगों का प्रभाव अधिक है। दूसरा यह भी कि क्लब स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने वाली जो समिति है वह बीसीसीआई की है पर उसे अलग दिखाया गयां जो कि एक मजाक था। इस समिति ने भारत में अनुमति न मिलने पर पर दक्षिण अफ्रीका में प्रतियोगिता की। इसका सीधा मतलब यह है कि बीसीसीआई और उसकी समितियां कंपनियों की तरह है जो केवल व्यापार में रुचि रखती हैं। अब किसी कंपनी में सभी कर्मचारी भारतीय हों पर वह संपूर्ण देश की प्रतिनिधि तो नहीं हो जाते। अलबत्ता क्रिकेट अब फिल्म की तरह मनोरंजन हो गया है इसलिये इसमें उसी तरह उतार चढ़ाव आयेंगे। इसलिये यह वेस्टइंडीज में होने वाली बीस ओवरी प्रतियोगिता भले ही मनोरंजन न हो पर भारत में उसका आधार तो यही है। टीम विश्व जीतेगी तो ही लोग अगली फिल्म देखने को तैयार होंगे। बहरहाल पूरी शिद्दत के साथ क्रिकेट मैच देखने का अब हमारा इरादा नहीं रहा और इसका कारण आस्ट्रेलिया से इस तरह हार जाना है। अगर बीसीसीआई की टीम खाली हाथ लौटती है तो यकीनन फिर क्रिकेट की लोकप्रियता गिरेगी इसमें संदेह नहीं है।
----------------
कवि,लेखक संपादक-दीपक भारतदीप,Gwalior
http://dpkraj.blogspot.com

यह आलेख इस ब्लाग ‘दीपक भारतदीप का चिंतन’पर मूल रूप से लिखा गया है। इसके अन्य कहीं भी प्रकाशन की अनुमति नहीं है।
अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द पत्रिका
2.अनंत शब्दयोग
3.दीपक भारतदीप की शब्दयोग-पत्रिका
4.दीपक भारतदीप की शब्दज्ञान पत्रिका

5/01/2010

मजदूर दिवस-श्रमिकों के साथ सम्माजनक व्यवहार करें (mazdoor divas, diwas or may day-A special hindi article

                  भारत में मजदूर दिवस मनाने की कोई परंपरा नहीं है, अलबत्ता यहां विश्वकर्मा जयंती मानी जाती है जिसे करीब करीब इसी तरह का ही माना जा सकता है। यह पाश्चात्य सभ्यता द्वारा प्रदाय अधिकतर दिवसों को खारिज करता है यथा माता दिवस, पिता दिवस, मैत्री दिवस, प्र्रेम दिवस तथा नारी दिवस। मजदूर दिवस भी पश्चिम से ही आयातित विचारधारा से जुड़ा है पर इसे मनाने का समर्थन करना चाहिये।  दरअसल इसे तो बहुत शिद्दत से मनाना चाहिए। 
               आधुनिक युग में कार्ल मार्क्स को मजदूरों का मसीहा कहा जाता है। उनके नाम पर मजदूर दिवस मनाया जाता है तो इसमें मजदूर या श्रम शब्द जुड़ा होने से संवेदनायें स्वभाविक रूप जाग्रत हो उठती हैं।  एक बात याद रखिये आज  भारत में जो हम नैतिक, अध्यात्म, तथा तथा देशप्रेम की भावना का अभाव लोगों में देख रहे हैं वह शारीरिक श्रम को निकृष्ट मानने की वजह से है।  हर कोई सफेद कालर वाली नौकरी चाहता है और शारीरिक श्रम करने से शरीर में से  पसीना निकलने से घबड़ा रहे हैं।  भारतीय तथा पाश्चात्य दोनों की प्रकार के  स्वास्थ्य विशेषज्ञ मानते हैं कि शरीर को जितना चलायेंगे उतना ही स्वस्थ रहेगा तथा जितना सुविधाभोगी बनेंगे उतनी ही तकलीफ होगी। 
               सबसे बड़ी बात यह है कि गरीब और श्रमिक को तो एक तरह से मुख्यधारा से अलग मान लिया गया है।  संगठित प्रचार माध्यमो में-टीवी चैनल, रेडियो तथा समाचार पत्र पत्रिकाओं-इस तरह के प्रसारण तथा प्रकाशन देखने को मिलते हैं जैसे कि श्रम करना एक तरह से घटिया लोगों का काम है।  संगठित प्रचार माध्यमों को इसके लिये दोष नहीं दिया जा सकता क्योंकि वह आधुनिक बाज़ार के विज्ञापनों पर ही अपना साम्राज्य खड़े किये हैं। यह बाजार सुविधाभोगी पदार्थों का निर्माता तथा विक्रेता है। स्थिति यह है कि फिल्म और टीवी चैनलों के अधिकतर कथानक अमीर घरानों पर आधारित होते हैं जिसमें नायक तथा नायिकाओं को मालिक बनाकर प्रस्तुत किया जाता है।  उनमें नौकर के पात्र भी होते हैं पर नगण्य भूमिका में। क्हीं नायक या नायिका मज़दूर या नौकर की भूमिका में दिखते हैं तो उनका पहनावा अमीर जेसा ही होता है।  फिर अगर नायक या नायिका का पात्र मजदूर या नौकर है तो कहानी के अंत में वह अमीर बन ही जाता है।  जबकि जीवन में यह सच नज़र नहीं आता।  ऐसे अनेक उदाहरण समाज में  देखे जा सकते हैं कि जो मजदूर रहे तो उनके बच्चे भी मज़दूर बने।  आम आदमी इस सच्चाई के साथ जीता भी है कि उसकी स्थिति में गुणात्मक विकास भाग्य से ही आता है
              कार्ल मार्क्स मजदूरों का मसीहा मानने पर विवाद हो सकता है पर पर देश के बुद्धिमान लोगों को अब इस बात के प्रयास करना चाहिये कि हमारी आने वाली पीढ़ी में श्रम के प्रति रूझान बढ़े। यहां श्रम से हमारा स्पष्ट आशय अकुशल श्रम से है-जिसे छोटा काम भी कहा जा सकता है। कुशल श्रम से आशय इंजीनियरिंग, चिकित्सकीय तथा लिपिकीय सेवाओं से है जिनको करने के लिये आजकल हर कोई लालायित है।  इसी अकुशल श्रम को सम्मान की तरह देखने का प्रयास करना चाहिये।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अपने पास या साथ काम करने वाले श्रमजीवी को कभी असम्मानित या हेय दृष्टि से नहीं देखना चाहिये। मनुष्य मन की यह कमजोरी है कि वह धन न होते हुूए भी सम्मान चाहता है।  दूसरी बात यह है कि श्रमजीवी मजदूरों के प्रति असम्माजनक व्यवहार से उनमें असंतोष और विद्रोह पनपता है जो कालांतर में समाज के लिये खतरनाक होता है।  यही श्रमजीवी और मजदूरी ही धर्म की रक्षा में प्रत्यक्ष सहायक होता है। यही कारण है कि हमारे अध्यात्मिक ग्रंथों में सभी को समान दृष्टि से देखने की बात कही जाती है।    इस विषय पर दो वर्ष पूर्व एक लेख यहां प्रस्तुत है। इसी लेख को कल सैकंड़ों पाठकों द्वारा देखने का प्रयास किया इसलिये इसे इस पाठ के नीचे भी प्रस्तुत किया जा रहा है।

                  आज मजदूर दिवस है और कई जगह मजदूरों के झुंड एकत्रित कर रैलियाँ निकालीं जायेंगी। ऐसा नहीं है कि हमारे दर्शन में मजदूरों के लिए कोई सन्देश नहीं है पर उसमें मनुष्य में वर्गवाद के वह मन्त्र नहीं है जो समाज में संघर्ष को प्रेरित करते हैं। हमारे अध्यात्मिक दर्शन द्वारा प्रवर्तित जीवनशैली पर दृष्टिपात करें तो उसमें पूंजीपति मजदूर और गरीब अमीर को आपस में सामंजस्य स्थापित करने का सन्देश है। भारत में एक समय संगठित और अनुशासित समाज था जो कालांतर में बिखर गया। इस समाज में अमीर और गरीब में कोई सामाजिक तौर से कोई अन्तर नहीं था।
           श्री मद्भावत गीता में कहा गया है  कि
                   -------------------------------------
          न द्वेष्टयकुशर्ल कर्म कुशले नातुषज्जजते।
            त्यागी सत्तसमाष्टिी मेघावी छिन्नसंशयः।।
        "जो मनुष्य अकुशल कर्म से तो द्वेष नहीं करता और कुशल कर्म में आसक्त नहीं होता- वह शुद्ध सत्वगुण से युक्त पुरुष संशय रहित, बुद्धिमान और सच्चा त्यागी है।"
          श्रीमदभागवत गीता के १८वे अध्याय के इस  दसवें श्लोक में उस असली समाजवादी विचारधारा की ओर संकेत किया गया है जो हमारे देश के लिए उपयुक्त है । जैसा कि सभी जानते हैं कि हमारे इस ज्ञान सहित विज्ञानं से सुसज्जित ग्रंथ में कोई भी संदेश विस्तार से नहीं दिया क्योंकि ज्ञान के मूल तत्व सूक्ष्म होते हैं और उन पर विस्तार करने पर भ्रम की स्थिति निमित हो जाती है, जैसा कि अन्य विचारधाराओं के साथ होता है। श्री मद्भागवत गीता में अनेक जगह हेतु रहित दया का भी संदेश दिया गया है जिसमें अपने अधीनस्थ और निकटस्थ व्यक्तियों की सदैव सहायता करने के प्रेरित किया गया है।
             श्री मद्भागवत गीता में यह भी कहा गया है कि 
                            ------------------------
             स्वै स्वै कर्मण्यभिरतः संसिद्धि लभते नरः।
            सव्कर्मनिरतः सिद्धिं यथा विन्दति तच्छृणु।।
              अपने अपने स्वाभाविक कार्ये में तत्परता से लगा मनुष्य भक्ति प्राप्त करते हुए उसमें सिद्धि प्राप्त लेता है। अपने स्वाभाविक कर्म में लगा हुआ मनुष्य जिस प्रकार से कर्म करके परम सिद्धि प्राप्त करता है उस विधि को सुन।
            यतः प्रवृत्तिभूंतानां वेन सर्वमिद्र ततम्।
          स्वकर्मणा तमभ्यच्र्य सिद्धिं विन्दति मानवः।।
                जिस परमेश्वर से संपूर्ण प्राणियों की उत्तपति हुई है और जिससे यह समस्त जगत व्याप्त है, उस परमेश्वर को अपने स्वाभाविक कर्मों द्वारा पूजा करके मनुष्य परम सिद्धि को प्राप्त हो जाता है।
            श्रीमदभागवत गीता में ऊपर लिखे दोनों  श्लोक को देखें तो यह साफ लगता है अकुशल श्रम से आशय मजदूर के कार्य से ही है । आशय साफ है कि अगर आप शरीर से श्रम करे हैं तो उसे छोटा न समझें और अगर कोई कर रहा है तो उसे भी सम्मान दे। यह मजदूरों के लिए संदेश भी है तो पूंजीपतियों के लिए भी है ।
श्री गीता में ही हेतु रहित दया का सन्देश तो स्पष्ट रुप से धनिक वर्ग के लोगों के लिए ही कहा गया है-ताकि समाज में समरसता का भाव बना रहे। कार्ल मार्क्स एक बहुत बडे अर्थशास्त्री माने जाते है जिन के विचारों पर गरीबों और शोषितों के लिए अनेक विचारधाराओं का निर्माण हुआ और जिनका नारा था "दुनिया के मजदूरों एक हो जाओ"।
         शुरू में नये नारों के चलते लोग इसमें बह गये पर अब लोगों को लगने लगा है कि अमीर आदमी भी कोई ग़ैर नहीं वह भी इस समाज का हिस्सा है-और जो उनके खिलाफ उकसाते हैं वही उसने हाथ भी मिलाते हैं । जब आप किसी व्यक्ति या उनके समूह को किसी विशेष संज्ञा से पुकारते हैं तो उसे बाकी लोगों से अलग करते हैं तो कहीं न कहीं समाज में विघटन के बीज बोते हैं।
          दूसरी महत्वपूर्ण बात यह है कि श्रीगीता में अपने स्वाभाविक कर्मों में अरुचि न दिखाने का संदेश दिया गया है। सीधा आशय यह है कि कोई भी काम छोटा नहीं है और न तो अपने काम को छोटा और न किसी भी छोटा काम करने वाले व्यक्ति को हेय समझना चाहिये। ऐसा करना बुद्धिमान व्यक्ति का काम नहीं करना चाहियैं। कई बार एसा होता है कि अनेक धनी लोग किसी गरीब व्यक्ति को हेय समझ कर उसकी उपेक्षा करते हैं-यह तामस प्रवृत्ति है। उसी तरह किसी की मजदूरी कम देना या उसका अपमान केवल इसलिये करना कि वह गरीब है, अपराध और पाप है। हमेशा दूसरे के गुणों और व्यवहार के आधार पर उसकी कोटि तय करना चाहिये।
भारतीय समाज में व्यक्ति की भूमिका उसके गुणों, कर्म और व्यक्तित्व के आधार पर तय होती है उसके व्यवसाय और आर्थिक शक्ति पर नहीं। अगर ऐसा नहीं होता तो संत शिरोमणि श्री कबीरदास, श्री रैदास तथा अन्य अनेक ऎसी विभूतियाँ हैं जिनके पास कोई आर्थिक आधार नहीं था पर वे आज हिंदू विचारधारा के आधार स्तम्भ माने जाते हैं।
           कुल मिलाकर हमारे देश में अपनी विचारधाराएँ और व्यक्तित्व रहे हैं जिन्होंने इस समाज को एकजुट रखने में अपना योगदान दिया है और इसीलिये वर्गसंघर्ष के भाव को यहां कभी भी लोगों के मन में स्थान नहीं मिल पाया-जो गरीबो और शोषितों के उद्धार के लिए बनी विचारधाराओं का मूल तत्व है। परिश्रम करने वालों ने रूखी सूखी खाकर भगवान का भजन कर अपना जीवन गुजारा तो सेठ लोगों ने स्वयं चिकनी चुपडी खाई तो घी और सोने के दान किये और धार्मिक स्थानों पर धर्म शालाएं बनवाईं । मतलब समाज कल्याण को कोई अलग विषय न मानकर एक सामान्य दायित्व माना गया-बल्कि इसे मनुष्य समुदाय के लिए एक धर्म माना गया वह अपने से कमजोर व्यक्ति की सहायता करे। आज के दिन अकुशल काम करने वाले मजदूरों के लिए एक ही संदेश हम देना चाहिते हैं कि अपने को हेय न समझो । सेठ साहूकारों और पूंजीपतियों के लिए भी यह कहने में कोइ संकोच नहीं है अपने साथ जुडे मजदूरों और कर्मचारियों पर हेतु रहित दया करें ।
----------------------------------------
लेखक संपादक-दीपक भारतदीप,ग्वालियर 
writer, poet and editor-Deepak "bharatdeep",Gwalior
http://dpkraj.blogspot.com
यह आलेख इस ब्लाग ‘दीपक भारतदीप का चिंतन’पर मूल रूप से लिखा गया है। इसके अन्य कहीं भी प्रकाशन की अनुमति नहीं है।
अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द पत्रिका
2.अनंत शब्दयोग
3.दीपक भारतदीप की शब्दयोग-पत्रिका
4.दीपक भारतदीप की शब्दज्ञान पत्रिका

लोकप्रिय पत्रिकायें

हिंदी मित्र पत्रिका

यह ब्लाग/पत्रिका हिंदी मित्र पत्रिका अनेक ब्लाग का संकलक/संग्रहक है। जिन पाठकों को एक साथ अनेक विषयों पर पढ़ने की इच्छा है, वह यहां क्लिक करें। इसके अलावा जिन मित्रों को अपने ब्लाग यहां दिखाने हैं वह अपने ब्लाग यहां जोड़ सकते हैं। लेखक संपादक दीपक भारतदीप, ग्वालियर